जल्द कराया जाए बकाया गन्ना मूल्य भुगतान
सहारनपुर। भाकियू तोमर के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक संकट में हैं। इसलिए बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए। उन्होंने बंद पड़ी टोडरपुर चीनी मिल को चलवाने की भी मांग की।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मासिक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टोडरपुर शुगर मिल के बंद रहने से क्षेत्र के किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष अभिषेक कांबोज ने कहा कि सभी सहकारी समितियों में धान की सरकारी खरीद के लिए केंद्र बनवाए जाएं। जिला उपाध्यक्ष दिलशाद मलिक, अशोक कांबोज, राजू कश्यप, प्रवीण कांबोज आदि ने भी विचार रखे। बैठक के बाद उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि पंडोली फाटक से खटोली फाटक तक मार्ग का निर्माण जल्द कराने, ग्राम मवी खुर्द में बिजली का 250 केवी का ट्रांसफार्मर रखवाने, पूरा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक बकाएदार किसान का बिजली कनेक्शन नहीं काटने और नलकूपों पर मीटर नहीं लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्राम टोडा मान सिंह और मनोहरपुर में अंडरपास बनवाया जाए।
इस दौरान अभय कुमार, राजकुमार, ओमप्रकाश, नरेश, उस्मान, आरिफ, जसवीर राणा, रईस मलिक, अभिमन्यु, जनक राठौर, अकरम, सदाकत आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता साजिद और संचालन सत्यपाल ने किया।