- जिला अस्पताल में समय से डॉक्टरों के नहीं बैठने से मरीजों की बढ़ रही परेशानी
- घंटों लाइन में खड़े हो रहे मरीज, सुबह आठ बजे बैठने का है समय
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों के समय पर नहीं बैठने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही। बुधवार को अमर उजाला ने अस्पताल की ओपीडी का हाल जाना तो हकीकत सामने आई। डॉक्टरों को दिखाने के लिए मरीजों की कतार लगी रही। कई डॉक्टर अपने कक्ष में नहीं मिले। कक्ष में पूछने पर बताया कि डॉक्टर राउंड पर हैं, जबकि बाहर लाइन में लगे मरीजों का कहना था कि वह आठ बजे से खड़े हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं आए। होम्योपैथिक ओपीडी में भी कोई नहीं आया था। कई विशेषज्ञ अपनी ओपीडी में समय पर पहुंचे और मरीजों को देखते हुए मिले।
-
समय 09 बजे-सर्जन कक्ष में खाली मिली डॉक्टर की कुर्सी
ओपीडी में सर्जन कक्ष के बाहर वार्ड बॉय बैठा था। अंदर डॉक्टर की कुर्सी खाली मिली, जबकि अन्य स्टाफ मौजूद रहा। बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी थी और वह परेशान नजर आए। स्टाफ ने बताया कि डॉक्टर अभी राउंड पर हैं। बाहर लाइन में खड़े अंसारियान निवासी अली मोहम्मद ने बताया कि वह आठ बजे से आए हुए हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं पहुंचे। समय पर डॉक्टर के नहीं पहुंचने से परेशानी हो रही।
-
समय 09:03 बजे-नहीं थे डॉक्टर, स्टाफ लिख रहा था दवाई
फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की लाइन मिली। कक्ष में डॉक्टरों की कुर्सी खाली थी। स्टाफ ही मरीजों को देखकर पर्चे पर दवाई लिख रहे थे। डॉक्टर को दिखाने पहुंचे लोहानी सराय निवासी सिकंदर ने बताया कि उनके लीवर में दिक्कत है। मरीज मोहम्मद इश्तखार शुगर की दवाई लेने आए थे। उनका कहना था कि वह आठ बजे ओपीडी में आ गए थे, लेकिन डॉक्टर ने नहीं आए थे।
-
सुबह 09:05 बजे-होम्योपैथिक कक्ष में स्टाफ भी नहीं मिला
ओपीडी लाइन में राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल की भी ओपीडी चलती है और उसके खुलने का समय भी सुबह आठ बजे से हैं, लेकिन बुधवार को नौ बजकर पांच मिनट तक चिकित्सक तो क्या स्टाफ भी नहीं था। खाली कुर्सियों को देखकर मरीज इधर-उधर भटकते रहे और डॉक्टरों का इंतजार करते रहे।
सुबह 9:06 बजे-नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष भी मिला खाली
आंखों में संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में नेत्र रोग विशेषज्ञ के कक्ष में समय पर बैठना जरूरी हो जाता है, जिससे उसका उपचार किया जा सके। बाहर वार्ड बॉय कक्ष के ड्यूटी पर तैनात मिला। पूछने पर बताया कि डॉक्टर आने वाले हैं। हालांकि, कक्ष के बाहर मरीज नहीं मिला।
सुबह 9:08 बजे-एक्सरे टेक्नीशियन की खाली मिली कुर्सी
जिला अस्पताल में मैनुअल व डिजिटल एक्सरे की सुविधा है। बुधवार को डिजिटल एक्सरे में तो स्टाफ मिला, लेकिन मैनुअल एक्सरे में स्टाफ नहीं था। एक्सरे टेक्नीशियन की कुर्सी खाली थी। चार से पांच मरीज बाहर एक्सरे कराने के लिए खड़े थे।
-
वर्जन
ओपीडी का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक का है। ओपीडी के समय में ही डॉक्टर वार्डों का राउंड लेते हैं और भर्ती मरीजों को देखते हैं। सभी डॉक्टरों को ओपीडी के समय आने और जाने के निर्देश दिए हुए हैं।
- डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल
जिला अस्पताल के सर्जन कक्ष में खाली चिकित्सक की कुर्सी
जिला अस्पताल के सर्जन कक्ष में खाली चिकित्सक की कुर्सी