सहारनपुर। बढ़ती गर्मी से अस्पतालों में पानी की कमी और डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों की संख्या में इजाफा होने से ओआरएस की खपत भी बढ़ गई। 40 दिनों में 1.66 लाख से अधिक ओआरएस के पैकेट मरीज पी गए।
गर्मी से राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल और सामुदायिक-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज बढ़े हैं। मौसम जनित बीमारियों की चपेट में सबसे ज्यादा बच्चे आ रहे हैं। एसबीडी जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में 80 से अधिक बच्चे आ रहे हैं। इनमें अधिकतर बच्चे डायरिया से पीड़ित हैं। यही हाल राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी का है। पानी की कमी और डायरिया में ओआरएस के पैकेट दिए जा रहे हैं। इसके चलते ड्रग वेयर हाउस से ओआरएस पैकेट की खपत बढ़ गई है। एक मई से 10 जून तक ड्रग वेयर हाउस से 1,66,025 ओआरएस पैकेटों का वितरण किया गया। एसबीडी जिला अस्पताल में 10 हजार ओआरएस पैकेट भेजे गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज को सात हजार पैकेट दिए गए। इनके अलावा 1,49,025 पैकेट सीएचसी-पीएचसी को दिए गए।
- उल्टी-दस्त होने पर कराना पड़ा भर्ती
- महानगर में हबीबगढ़ निवासी अकबर का कहना है कि गर्मी के कारण बच्चे को उल्टी-दस्त की शिकायत पर ओपीडी में दिखाया। उसके बाद डॉक्टर ने बच्चे की हालत देखकर भर्ती कर लिया। दस दिन से बच्चे का इलाज चल रहा है।
- 62 फुटा रोड निवासी शमशेर बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने बच्चे को देखा और वार्ड में भर्ती कर लिया। उसका बच्चा दो दिन से भर्ती है। सरसावा निवासी राकेश कुमार का बच्चा वार्ड में भर्ती है। बच्चे को वजन कम होने की शिकायत है। वह अपने बच्चे को लेकर दस दिन से अस्पताल में हैं।
- गर्मी बढ़ने से बच्चों में डायरिया की शिकायत बढ़ जाती है। ऐसे मौसम में अभिभावकों को बच्चों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पानी की कमी न हो, इसलिए ओआरएस का घोल पिलाते रहें। उल्टी-दस्त की शिकायत पर डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
- डॉ. सफल कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल