अभियान पार्किंग:- सुभाषनगर में मकानों के बाहर ग्रीन बेल्ट और सड़क पर खड़ी कारें।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। आवास विकास, गिल कॉलोनी, चंद्र नगर, पंत विहार, शास्त्री नगर, गोविंद नगर, मिशन कंपाउंड, जवाहर पार्क, चर्च कंपाउंड सहित महानगर की अनेक पॉश कॉलोनियों में घरों के बाहर छोड़ी गई ग्रीन बेल्ट का इस्तेमाल लोग पार्किंग के रूप में कर रहे हैं, जबकि घरों में बनी पार्किंग खाली रहती हैं। चौपहिया वाहनों के घरों के बाहर खड़ा करने से अन्य लोगों को वाहन लेकर निकलने में परेशानी हो रही है।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण तमाम शर्तों के साथ मानचित्र पास करता है। इसमें भवन के साथ ही ग्रीनरी और वाहन की पार्किंग की व्यवस्था रहती है। मगर महानगर की लगभग सभी पॉश कॉलोनियों, जहां रहने वाले 95 फीसदी लोगों के पास बड़े मकान हैं, जिनमें चौपहिया वाहन खड़ा करने की व्यवस्था रहती है। साथ ही लगभग सभी के पास अपने चौपहिया वाहन भी हैं, लेकिन उक्त में से ज्यादातर लोग अपने वाहनों को घरों की पार्किंग की बजाय घरों के बाहर खड़ा करते हैं। आवास विकास कॉलोनी में अनेक लोगों ने ग्रीन बेल्ट के लिए छोड़ी गई जगह पर ही टीनशेड और जाल लगाकर कारें खड़ी करने की व्यवस्था की हुई है। अनेक लोगों की गाड़ियां घरों के बाहर सड़क पर ही खड़ी होती हैं।
शिकायत के बाद हटाए गए अतिक्रमण
कॉलोनियों में लोगों के द्वारा सड़कों पर कार पार्किंग बना दिए जाने और ग्रीन बेल्ट को खत्म कर निर्माण कर लेने की शिकायतें समय समय पर नगर निगम को मिलती रहती हैं। बीते दो साल में आवास विकास और श्रति आश्रम क्षेत्र में नगर निगम द्वारा ऐसे अतिक्रमण को ध्वस्त कराया गया है। लेकिन ज्यादातर जगहों की शिकायत नहीं होने और निगम द्वारा कार्रवाई नहीं करने की वजह से लोग मनमानी कर रहे हैं।
पार्कों को भी बनाया पार्किंग
कई पॉश कॉलोनियों में लोग पार्कों तक को नहीं छोड़ रहे हैं। जवाहर पार्क कॉलोनी में एक विशाल पार्क है, जिसका इस्तेमाल स्थानीय लोग पार्किंग के रूप में कर रहे हैं। यहां प्रतिदिन 50 से 70 कारों को पार्क में खड़े देखा जा सकता है। ऐसे में पार्क जिस मकसद के लिए बना हुआ है वह मकसद पूरा नहीं हो पा रहा है। शास्त्री नगर और पंत विहार में भी ऐसा हो रहा है।
नगर निगम मुख्य मार्गों के साथ ही कॉलोनियों में सड़कों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा जहां की शिकायत आती है वहां टीम भेजकर अतिक्रमण को हटवाया जाता है, जिससे मार्ग में किसी तरह का अवरोध ना रहे।
राजेश कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त/वरिष्ठ अतिक्रमण प्रभारी