सहारनपुर। पेपर मिल रेलवे फाटक को एक बार फिर 16 और 17 फरवरी को बंद किया जाएगा। जिस वजह से हजारों वाहन चालकों की परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दो दिन 11-11 घंटे काम चलेगा। इसको लेकर रेलवे की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है।
रेलवे की ओर से पेपर मिल रेलवे फाटक पर पूर्व में दो बार मरम्मत का कार्य किया जा चुका है, जो काम पूर्व किया गया था, अब उसे फाइनल करने के लिए 16 और 17 फरवरी को रेलवे फाटक 84 एसी पर काम किया जाएगा। इस कार्य को निर्बाध रूप से चलने के लिए इस बीच पड़ने वाले रेलवे फाटक पर यातायात बंद रहेगा। दोनों दिन सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक काम होगा। यदि उससे पहले काम पूरा हुआ तो रेलवे फाटक वाहनों के आवागमन के लिए खो दिया जाएगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ तेजवीर सिंह ने बताया कि फाटक के बंद होन से वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसलिए परागपुर, दूधली और जिलाधिकारी आवास मार्ग को वैकल्पिक मार्ग बनाया है। इसी मार्ग से वाहनों को आवागमन चलता रहेगा। इस संबंध में संबंधित उप जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।