नागल/सहारनपुर। नागल के ताजपुर गांव में युवक और युवती पक्ष के बीच करीब 20-25 दिन पहले भी काफी विवाद हुआ था। आरोप था कि युवक ने घर आकर युवती के साथ मारपीट की। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था, लेकिन तब दोनों पक्षों ने पंचायत कर समझौता कर लिया था। तय हुआ था कि अब युवक युवती को परेशान नहीं करेगा।
युवती की मां ने बताया कि राजन कुछ साल पहले पड़ोस में अपनी बुआ के घर भात में आया था। तभी उसने बेटी को देखा और शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन बेटी उससे शादी नहीं करना चाहती थी। एक साल से परिजनों ने युवती की पढ़ाई भी बंद करा दी थी। 20-25 दिन पहले भी वह गांव में आया था। तब उसने युवती के साथ मारपीट की थी। बुआ के परिवार के सदस्यों ने उसे डांट-फटकार भी लगाई थी। युवती पक्ष ने पुलिस को तहरीर भी दी थी, लेकिन बाद में युवक के परिजन और रिश्तेदार बीच में आ गए थे। वहां पंचायत हुई। दोनों पक्षों के बीच पंचायत में सुलहनामा हो गया था। तब यह तय हुआ था कि अब राजन उनकी बेटी को परेशान नहीं करेगा।
सोमवार सुबह जब राजन घर पर आया तो उस समय युवती बैड पर लेटी हुई थी और उसकी मां चारपाई पर थी। युवक ने आते ही गोली मार दी। युवती की मां ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पीछे वाला दरवाजा खोलकर वहां से भाग निकला।
- मेरे भाई की हुई है हत्या : बिन्नू कर्णवाल
राजन तीन भाइयों ने सबसे छोटा था। पोस्टमार्टम हाउस पर मीडिया से बातचीत के दौरान बड़े भाई बिन्नू कर्णवाल ने बताया कि राजन की साजिश के तहत हत्या हुई है। वह सहारनपुर मंडी में फलों के रुपये देने आया था। यह भी आरोप लगाया कि अगर किसी को आत्महत्या करनी है तो वह कनपटी पर गोली मारता है, लेकिन राजन के सीने में गोली मारी गई है। इससे साफ है कि राजन की हत्या की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
- आखिर बाइक सवार साथी कौन, पुलिस कर रही जांच
इस घटनाक्रम के बाद एक अन्य की भूमिका भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि राजन किसी बाइक सवार के साथ युवती के घर पहुंचा था। वह बाहर खड़ा था। जैसे ही राजन गोली मारकर वहां से भागने लगा तो वह बाइक लेकर फरार हो गया। तब राजन खेतों की तरफ भागा। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि वह कौन था। राजन का साथी ही था या फिर कोई सामान्य राहगीर, जिससे राजन ने लिफ्ट ली हो।
- एक किमी तक खेतों के रास्ते भागा राजन
बताया जा रहा है कि जब राजन गोली मारकर भाग रहा था, तभी युवती की मां ने शोर मचा दिया था। जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया। करीब एक किमी तक भागने के बाद जब खुद को घिरता पाया तो वह गन्ने के खेत में घुस गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो राजन एक तमंचा राजन की बेल्ट में लगा था और एक उसके हाथ में था। मौके से तीन कारतूस और सल्फास की गोली भी मिली। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह पूरी तैयारी के साथ घर से आया था।