सहारनपुर। जिले में सरकारी और निजी एंबुलेंस बिना फिटनेस के मरीजों को ढो रहीं हैं। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से एंबुलेंस की फिटनेस कराने के लिए छह दिवसीय शिविर लगाया गया। इसमें महज तीन ही एंबुलेंस फिटनेस कराने के लिए पहुंची। बाकी को नोटिस देकर 15 दिन में फिटनेस कराने के लिए कहा गया। इस अवधि में फिटनेस कराने नहीं आए तो पंजीयन निलंबित होगा।
मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने निर्देश दिए थे कि प्रत्येक छह महीने में सरकारी और निजी एंबुलेंस की जांच की जाए। इसी के चलते 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2023 तक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संभागीय परिवहन विभाग कार्यालय में एंबुलेंस की फिटनेस के लिए शिविर लगाया गया था। आरआई अमित कुमार सैनी, डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन व यातायात निरीक्षक अमित तोमर ने सरकारी व निजी एंबुलेंस में तकनीकी जांच की।
छह दिन में केवल तीन ही एंबुलेंस फिटनेस की जांच कराने के लिए पहुंची, जबकि 94 एंबुलेंस को बुलाया गया था। क्योंकि, इनकी फिटनेस नहीं हुई। अब संभागीय परिवहन विभाग ने 91 एंबुलेंस चालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। उन्हें कहा गया कि वह 15 दिन के अंदर एंबुलेंस की फिटनेस करा लें। उसके बाद उनका पंजीयन निलंबित कर दिया जाएगा। चेकिंग के दौरान दौड़ती मिलती तो सीज की जाएगी।
उधर, आरआई अमित कुमार सैनी ने बताया कि जिले में 211 सरकारी और निजी एंबुलेंस पंजीकृत हैं। इनमें से 94 एंबुलेंस बिना फिटनेस की है, जिनको लगाए गए शिविर में बुलाया था। महज तीन एंबुलेंस चालकों ने फिटनेस कराई है।