गांव फतेहपुरकला में आयोजित क्षत्रिय चौहान महासभा में उपस्थित लोग। श्रोत महासभा
सहारनपुर, शाकंभरी। क्षत्रिय चौहान महासभा की बैठक में नानौता में हुए क्षत्रिय महाकुंभ में लिए गए भाजपा को वोट न करने के फैसले की निंदा करते हुए इसका विरोध किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि राजपूत सदैव राष्ट्रभक्त रहा है और उसका वोट भी राष्ट्रवादी पार्टी को ही जाएगा।
गांव फतेहपुर कलां में जसमौर बस स्टैंड पर शाकंभरी देवी तीर्थ क्षेत्र उत्थान परिषद के तत्वावधान में महासभा की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व अध्यक्ष एवं जय किसान शाकंभरी देवी विद्यालय फतेहपुर कला के प्रबंधक डाॅ. सुरेंद्र चौहान ने कहा कि नानौता में राजपूत समाज के क्षत्रिय महाकुंभ में राजपूत समाज को भाजपा के विपक्ष में वोट करने के लिए अपने निहित स्वार्थ से ग्रसित नेताओं द्वारा की गई अपील का वे सब मिलकर खंडन करते हैं।
मास्टर चंद्रभान सिंह चौहान और सुरेश चौहान ने कहा कि घाड़ क्षेत्र में सिद्धपीठ शाकंभरी देवी के सभी चौहान हमेशा से राष्ट्रीय हित वाले दल के पक्ष में रहे हैं और भविष्य में भी इसी नीति पर कायम रहेंगे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के विरुद्ध अभियान चलाने वाले नेता राजपूत समाज का प्रतिनिधित्व नहीं करते, इसके पीछे उनके व्यक्तिगत स्वार्थ हैं। इन नेताओं का निर्णय समाज का निर्णय नहीं है। इस अवसर पर रंगीलाल चौहान, मास्टर नेम चंद चौहान, राजपाल चौहान, मोनू कुमार प्रधान फतेहपुर कला, रविंद्र सिंह गहरवार, प्रेम सिंह चौहान, मुकेश चौहान आदि रहे।