सहारनपुर। तीन दिन बाद मानकमऊ से रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ। म्हाड़ी मेले के चलते यहां से बसों को कांशीराम कॉलोनी में स्थानांतरित कर दिया था। जिसके चलते हरियाणा, नकुड़ और गंगोह जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गंगोह रोड स्थित मानकमऊ में जाहरवीर की ऐतिहासिक म्हाड़ी पर पांच सितंबर से तीन दिवसीय मेला लगा था। जिसके चलते मानकमऊ से रोडवेज की बसों को कांशीराम कॉलोनी में स्थानांतरित कर दिया था, ताकि बसों का संचालन प्रभावित न हो। पांच, छह और सात सितंबर तक कांशीराम कॉलोनी से ही पंजाब, हरियाणा, नकुड़ और गंगोह की बसें चलीं। इन बसों को दिल्ली रोड से होकर अंबाला-देहरादून हाईवे बाईपास से निकाला गया। सबसे ज्यादा परेशानी नकुड़, गंगोह और हरियाणा जाने वाले लोगों को हुई। लंबी दूरी तय करनी पड़ी। तीन दिवसीय म्हाड़ी मेले के समापन के बाद बृहस्पतिवार को मानकमऊ बस स्टैंड से बसें फिर संचालित र्हुइं। बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ रही। यमुनानगर, अंबाला, गंगोह, नकुड़, अंबेहटा जाने वाली सभी बसें यहां से चली। जिससे यात्रियों को राहत मिली। केंद्र प्रभारी उपेंद्र शर्मा का कहना है कि मानकमऊ बस स्टैंड से बसों का संचालन फिर शुरू हो गया है।