सहारनपुर। सेठ बलदेव दास बाजोरिया जिला चिकित्सालय में आभा एप से ओपीडी के पर्चे बनने शुरू हो गए हैं। इसके लिए मरीजों के पास आधार कार्ड या फिर मोबाइल नंबर होना जरूरी है, जो आधार कार्ड से अपडेट हो, लेकिन अधिकांश मरीज ऐसे पहुंच रहे हैं, जिनका आधार कार्ड से नंबर अपडेट ही नहीं है। मरीजों को नई समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। एसबीडी जिला चिकित्सालय की ओपीडी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक संचालित होती है। रोजाना 1200 से 1500 के बीच ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। अब सरकार ने आभा एप की एक अच्छी सुविधा प्रदान की है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। मरीज कितनी बार अस्पताल आया है और किस-किस चिकित्सक को दिखाया है। यहीं नहीं उसका क्या इलाज हुआ है। डॉक्टर ने मरीज को क्या-क्या दवाएं व जांच लिखी है। वह सब अब ओपीडी पर्चे के माध्यम से पोर्टल पर एकत्रित होगा। इसके लिए आधार कार्ड अनिवार्य है।
ओपीडी रजिस्ट्रेशन प्रभारी ममता शर्मा ने बताया कि आभा एप के माध्यम से प्रतिदिन ओपीडी के 40 से 50 पर्चे बन रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या इस बात की है कि यहां मरीजों के नंबर आधार कार्ड से अपडेट नहीं है। ई-हॉस्पिटल आभा एप के एसएसई अनुज गौतम ने बताया कि आभा एप के जरिए मरीजों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है।
अस्पताल में आभा एप से ओपीडी के पर्चे बनने की शुरूआत हो गई है। काफी मरीज ऐसे आ रहे हैं, जिनके पास आधार कार्ड तो है, लेकिन उनका मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया गया है। अभी बिना आधार कार्ड के भी पर्चे बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय