-80 हजार रुपये दिलाने का दिया लालच, हड़पे 8 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। मकबरा गांव का एक ग्रामीण ऑन लाइन ठगी का शिकार हो गया। 80 हजार रुपये का पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर उससे आठ हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित निर्मित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सुबह उसके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम विपिन गुप्ता बताया, खुद को ऑनलाइन चलने वाली एक प्रसिद्ध कंपनी का मैनेजर बताते हुए कहा कि उसे 80 हजार रुपये के पर्सनल लोन के लिए चुना गया है। इसके लिए उससे दो बार करके आठ हजार रुपये खाते में डलवाए गए। कुछ देर बाद फिर उक्त व्यक्ति ने उससे अप्रूवल के नाम पर आठ हजार रुपये की फिर से मांग की। पीड़ित के मुताबिक शक होने पर उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद से ही उक्त व्यक्ति का नंबर बंद आ रहा है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।