- सर्दी में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा डेंगू का डंक
- शनिवार को भी मिला था डेंगू का एक ही मामला
सहारनपुर। सर्दी में अब धीरे-धीरे डेंगू का डंक कमजोर पड़ रहा है। रविवार को डेंगू और चिकनगुनिया का एक-एक मरीज मिला है। जिसके बाद डेंगू मरीजों का आंकड़ा 392 तो चिकनगुनिया के मरीज 250 से अधिक मिल चुके हैं। इस मौसम में संक्रामक बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम में बदलाव साफ देखा जा सकता है। दिन में अभी गर्मी है, लेकिन सुबह और शाम को सर्दी होने लगी है। सुबह हल्का कोहरा भी छाने लगा है। जिसकी वजह से मच्छरों की तादाद कम हुई तो डेंगू का डंक कम असर करने लगा। पिछले महीने के मुकाबले अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की संख्या कम हो रही है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि रविवार को डेंगू व चिकनगुनिया का एक-एक मरीज मिला है। इस मौसम में लोगों को बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
घर के आसपास साफ-सफाई रखें। सर्दी शुरू होने से रात के समय पंखे और कूलर बंद हो चुके हैं। ऐसे में कूलर की अच्छी तरह से सफाई करें, ताकि मच्छर न पनपें। गमलों का पानी बदलते रहें।