रामपुर मनिहारान। थाना क्षेत्र के गांव डकरावर कला में बृहस्पतिवार को दिन के समय लड़की की शादी के दौरान चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर जेवर नकदी सहित दस लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना परिजनों द्वारा डायल 112 व थाना पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव डकरावर कला में राजकुमार पुत्र रूपराम की बेटी की बारात आई हुई थी। शाम पांच बजे घुड़चढ़ी के दौरान घर में मौजूद महिला व बच्चे उसमें व्यस्त थे। इसी दौरान किसी ने अलमारी का ताला तोड़ कर साढ़े सात लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण व बैग में रखी ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। लड़की की विदाई के दौरान अलमारी का ताला टूटा देख परिजनों के होश उड़ गए। बेटी की विदाई होने के बाद घटना की सूचना परिजनों द्वारा डायल 112 व इस्लामनगर चौकी पर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बेटी के पिता राजकुमार व चाचा विनय उर्फ गुड्डू ने बताया कि शुक्रवार को उनके बेटे की बारात गांव खिड़की गंगोह जा रही है। शादी के बाद घटना की तहरीर थाना रामपुर में दी जाएगी। उधर, थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।