गंगोह (सहारनपुर)। बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। इनमें से दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
दुर्घटना गंगोह कोतवाली क्षेत्र में गंगोह-नानौता मार्ग पर हुई। थाना नानौता के गांव चोरा निवासी विकास पुत्र जनक सिंह बाइक पर गंगोह जा रहा था। गांव मुबारिकपुर गेट के पास उसकी टक्कर सामने से आ रहे बाइक सवारों थाना रामपुर मनिहारन के गांव नई नगली उर्फ माजरी निवासी इसरार पुत्र मोहम्मद जान और उसके भतीजे अकदश पुत्र अरशद के साथ हो गई। हादसे में विकास और इसरार गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अकदश मामूली रुप से चोटिल हो गया। राहगीरों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस में घायलों को सीएचसी भिजवाया। वहां से गंभीर हालत के चलते दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान इसरार (32) की मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दुर्घटनाग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली गई हैं। संवाद