नागल। विद्युत निगम के अधिकारियों पर मनमानी एवं किसानों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता चौथे दिन भी बिजलीघर कार्यालय की तालाबंदी कर धरने पर बैठे। हालांकि शाम के वक्त एसडीएम और अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंच किसानों को समझा बुझाकर धरना समाप्त करा दिया।
इससे पहले धरने पर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार एवं जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह ने कहा कि किसी भी किसान का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। जिस तरह से विद्युत अधिकारी पुलिस बल के साथ किसानों पर झूठे चोरी मुकदमे दर्ज कर डराना चाहती है, वह ठीक नहीं है। संगठन किसी भी रूप में किसानों का उत्पीड़न नहीं होने देगा। उन्होंने किसानों से संगठित होने की अपील की। धरने पर मुख्य रूप से अरुण राणा, ईश्वर सिंह, बबलू चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष मूसा प्रधान, श्यामवीर सैनी, भूपेंद्र सैनी, योगेंद्र सिंह, चौधरी नवीश, कादिर, राहुल, सुमित, उस्मान ,प्रिंस चौधरी, रमाकांत त्यागी ,प्रियदीप त्यागी, जिले सिंह, भूरा, रविंद्र, सलीम, जयपाल सिंह आदि रहे।
शाम के वक्त एसडीएम देवबंद संजीव कुमार के साथ धरना स्थल पर पहुंचे अधिशासी अभियंता सुधाकर एवं उपखंड अधिकारी सुंदर पाल ने भाकियू नेताओं से कहा कि क्षेत्र में किसानों पर दर्ज कराई गई चोरी की रिपोर्ट की जांच कराई जाएगी। यदि कोई गलत एफआईआर हुई है तो उसका निस्तारण नियमानुसार कराया जाएगा। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।