सहारनपुर। केंद्रीय रेल मंत्री के जनपद दौरे को लेकर रेलवे अफसर अलर्ट मोड पर हैं। रेलवे स्टेशन पर दिनभर अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे नजर आए। वहीं, रेलवे लकड़ी पुल से खलासी लाइन तक सफाई कराई गई। रेल मंत्री रेलवे स्टेशन पर भी पहुंचेंगे।
सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जनपद आगमन हुआ। देवबंद, रामपुर मनिहारान और गंगोह विधानसभा के गांव दूधला पहुंचे। पहले दिन मंत्री का कार्यक्रम देहात क्षेत्र में होने से ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन पर दिनभर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम होता रहा। इतना ही नहीं लकड़ी पुल के समीप अभी तक कालोनी का कोई बोर्ड नहीं था, लेकिन मंत्री के दौरे से यहां पर साउथ कालोनी का बोर्ड भी लग गया।
मंगलवार यानी आज रेल मंत्री खलासी लाइन का भ्रमण और सहारनपुर रेलवे यार्ड में अंडरग्राउंड ड्रेनेस प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू होंगे। महानगर प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष और वार्ड अध्यक्षों के साथ मीटिंग करेंगे।
डीआरएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
अंबाला मंडल के डीआरएम मनजीत सिंह भाटिया, सीनियर डीसीएम हरिमोहन सहित तमाम आला अफसरों ने स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि मंत्री के स्टेशन पहुंचने पर कोई खामियां न मिल सके। इसके अलावा डीआरएम जैन बाग स्थित जैन मंदिर भी पहुंचे।
रोजाना चलाई जाए दुर्गियाना एक्सप्रेस
जैन समाज ने रेल मंत्री से दुर्गियाना एक्सप्रेस को रोजाना चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रेन नंबर 12358 अमृतसर-कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस सहारनपुर से सप्ताह में दो दिन चलती है। यह ट्रेन जैन समाज के प्रमुख तीर्थ स्थल श्री सम्मेद शिखरजी, श्रीपारसनाथ होकर जाती है। ट्रेन के प्रतिदिन चलने से सहारनपुर के अलावा चार से पांच जिलों के जैन समाज को राहत मिलेगी।