-बिजली कटौती पर अधीक्षण अभियंता (शहरी) ने लिया निर्णय
-बिना अनुमति शटडाउन लिया तो होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महानगर में अब अधिशासी अभियंता से नीचे के अधिकारी-कर्मचारी शटडाउन नहीं ले सकेंगे। बिना अनुमति शटडाउन लिया तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली कटौती को लेकर नाराजगी जताई थी। जिसके बाद पावर काॅरपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज ने 22 जून तक जिले में सभी प्रकार की घोषित बिजली कटौती पर रोक लगा दी है। कहा गया कि विकास के काम के लिए किसी भी सरकारी विभाग को शटडाउन नहीं दिया जाएगा। उसके बाद भी कटौती नहीं रुक रही है। सबसे ज्यादा बिजली कटौती ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही है। शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं होने से नागरिक परेशान हैं। यहीं नहीं कट्रोल रूम में भी शिकायतें बढ़ रही है।
बिजली कटौती को रोकने के लिए अधीक्षण अभियंता (शहरी) संजीव कुमार ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि महानगर में बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। अगर कोई तकनीकी खराबी हुई तो उसको ठीक करने से पहले अधिशासी अभियंता को अवगत कराया। उसके बाद ही शटडाउन लें। उपखंड अधिकारी व अवर अभियंता विशेष ध्यान दें। उपभोक्ता ने बिजली कटौती की शिकायत की तो जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। शासन से जो शेड्यूल निर्धारित है, उसके अनुसार ही आपूर्ति कराई जाए।