- यूडीएसपी के तहत सिटीजन लैब पोर्टल हुआ तैयार, जिले में हुआ शुरू
- मोबाइल डालते ही सामने आएगी रिपोर्ट, मरीजों व तीमारदारों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। अब घर बैठे मोबाइल पर 12 प्रकार की बीमारियों की रिपोर्ट देख सकेंगे। इसके लिए यूडीएसपी के तहत सिटीजन लैब पोर्टल तैयार किया गया है। मरीजों की ओर से जांच के लिए सैंपल देने के बाद रिपोर्ट को पोर्टल पर ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इससे मरीजों और तीमारदारों को खासी आसानी होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस प्लेटफार्म (यूडीएसपी) कार्यक्रम के तहत सिटीजन लैब पोर्टल बनाया है। इसमें मोबाइल नंबर डालने के बाद ओटीपी को दर्ज कर रिपोर्ट सामने आ जाएगी। जिले में इसकी शुरूआत कर दी गई है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस प्लेटफार्म के जरिए जिले के सरकारी अस्पतालों और निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट देने से बीमारियों का मुकम्मल डाटा तैयार हो सकेगा। कौन सी बीमारी कब बढ़ रही है और कम हो रही है, इसका सही तरीके से आंकलन किया जा सकेगा। अब हर मरीज की जानकारी अपने आप पोर्टल पर मौजूद रहेगी। मरीजों को रिपाेर्ट के लिए कहीं जाना नही पड़ेगा।
-
इन बीमारियों की रिपोर्ट होगी ऑनलाइन
-मलेरिया
-फाइलेरिया
-कालाजार
-जापानी इंसेफलाइटिस
-डेंगू
-चिकनगुनिया
-स्क्रप टाइफ्स
-लैक्टोस्पाइरेसिस
-हेपेटाइटिस-बी
-हेपेटाइटिस-सी
-मियादी बुखार
-काेलरा
वर्जन
मच्छर जनित व संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए विशेष पहल हुई है। सिटीजन लैब पोर्टल पर 12 बीमारियों की रिपोर्ट दी जा रही है। जल्द ही अन्य बीमारियों को भी इस पोर्टल से जोड़ने की तैयारी है। रिपोर्ट ऑनलाइन होने से संबंधित क्षेत्र में फैलने वाली बीमारी का आसानी से आंकलन हो सकेगा।
-डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी