सहारनपुर: यमुना में अवैध खनन को रोकने के लिए गश्त करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
अब यमुना नदी पर रहेगा पीएसी का पहरा
बेहट। खनन माफिया पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने यमुना नदी को पीएसी के हवाले किया है। बरथा जोन समेत पूरी खनन बेल्ट अब पीएसी की निगरानी में रहेगी।
प्रशासन की लगातार कार्रवाई करने के बाद भी माफिया बाज नहीं आ रहे हैं और यमुना नदी में बड़े स्तर पर अवैध खनन कर रहे हैं। दो दिन पहले जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने भी खनन बेल्ट में पहुंचकर अवैध खनन की जांच की । इस दौरान हरियाणा के माफिया यमुना नदी के बरथा जोन में अवैध खनन कर रहे थे। जब तक जिलाधिकारी प्रशासनिक अमले के साथ नाव में बैठकर नदी के उस पार पहुंचे , तब तक माफिया अपने वाहनों व मशीनों को लेकर हरियाणा की तरफ भाग चुके थे। खनन माफिया पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने खनन बेल्ट में पीएसी की तैनाती की है। फिलहाल पीएसी को बरथा जोन में निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि सर्वाधिक अवैध खनन वाले इस क्षेत्र में माफिया के घुसने पर अंकुश लग सकें।