सहारनपुर। सहारनपुर से प्रयागराज के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस का रेलवे ने नंबर बदल दिया है। ट्रेन नए नंबर से संचालित हो रही है। इसके साथ ही थर्ड एसी कोच की बुकिंग भी सहारनपुर से होगी। पहले इस कोच की बुकिंग मेरठ से होती थी।
सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस सहारनपुर से शाम 5:45 बजे चलती है, जो मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली होते हुए अगले दिन सुबह 9:20 पर प्रयागराज पहुंचती है। ट्रेन 23 कोच की है। इसमें जनरल से लेकर एसी कोच जुड़े हुए हैं। पहले ट्रेन के छह कोच ही सहारनपुर से जाते थे और 14511-12 नंबर से चलती थी। ट्रेन में थर्ड एसी का कोच भी मेरठ से जुड़ता था। जिस वजह से यहां इसकी बुकिंग नहीं होती थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही रेलवे ने इस ट्रेन का नंबर बदलकर 14241-42 कर दिया है। इसी नंबर से ट्रेन जानी जाएगी। रेलवे की अधिकारिक वेबसाइट पर भी नंबर बदल गया है। नंबर बदलते ही ट्रेन सहारनपुर के हिस्से में आ गई है। अब थर्ड एसी कोच की बुकिंग भी सहारनपुर से ही हो सकेगी।