सहारनपुर। शिक्षक संकुल की बैठक में शामिल नहीं होने वाले मुजफ्फराबाद ब्लॉक के 79 शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है। इसे लेकर शिक्षकों में खलबली है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक संकुल बैठक में विद्यालय के समस्त स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य की हुई है। इसके बावजूद 18 अगस्त की बैठक से बड़ी संख्या में शिक्षक अनुपस्थित रहे। संकुल बैठक से 11 प्रभारी प्रधान अध्यापक, 36 सहायक अध्यापक, 18 शिक्षा मित्र, दो प्रधान अध्यापक और एक अनुदेशक सहित कुल 68 शिक्षक शामिल हैं। साथ ही बैठक में करीब 50 प्रतिशत स्टाफ ही उपस्थित पाने वाले पांच सहायक अध्यापक, पांच शिक्षामित्र और एक प्रभारी प्रधान अध्यापक समेत कुल 11 शिक्षक अनुपस्थित मिले। इस प्रकार कुल 79 शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से संबंधित सभी शिक्षकों एवं स्टाफ से बैठक में अनुपस्थित रहने के संबंध में दो दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।