सहारनपुर। महानगर में सड़कों किनारे और खंभों पर अवैध रूप से लगी प्रचार सामग्री को लेकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई है। अवैध प्रचार सामग्री उतारने तथा संबंधितों पर जुर्माना लगाने में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने विज्ञापन प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सड़कों पर प्रचार सामग्री के लिए नगर निगम द्वारा महानगर में यूनिपोल और पोल लगाए गए हैं। जिनका क्षेत्रवार ठेका छोड़ा जाता है, जिससे निगम को प्रत्येक वर्ष लाेगों की आय होती है। नियमानुसार कोई भी व्यक्ति या संस्था नगर निगम द्वारा निर्धारित प्वाइंट्स से अलग प्रचार सामग्री नहीं लगा सकती है, लेकिन महानगर में सड़कों किनारे और बीच में लगे खंभों पर होर्डिंग, फ्लैक्स और अन्य प्रकार की विज्ञान सामग्री लगाकर प्रचार किया जा रहा है।
नगर निगम के विज्ञापन प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी होती है कि वह उक्त अवैध प्रचार सामग्री को उतरवाने के साथ ही संबंधितों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई करें। नगर आयुक्त ने इस संबंध में विज्ञापन प्रभारी अधिकारी से कहा था, लेकिन वो मात्र 50 हजार रुपये का ही जुर्माना लगा सके हैं, साथ ही पूरे महानगर में जगह-जगह अवैध प्रचार सामग्री लगी है। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विज्ञापन प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नगर आयुक्त का कहना है कि विज्ञापन प्रभारी अधिकारी की अपनी जिम्मेदारी के प्रति शिथिलता के कारण नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही है। लोग अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाकर शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं।