एडीजी ने नगर निकाय चुनाव की तैयारियों का लिया जायजा
पुलिस लाइन में दमकल विभाग के कार्यक्रम भी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। शरारती तत्वों और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार की शाम एडीजी सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने नगर निकाय चुनाव में पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में बैठक के दौरान कहा कि सुरक्षा की सभी तैयारियों को समय रहते पूरा कर लिया जाए। अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शरारती तत्वों को मुचलकों में पाबंद किया जाए। संवदेनशील इलाकों और मतदान केंद्रों को चिंहित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जमानत पर छुटकर आए आरोपियों पर नजर रखी जाए। रोजाना चेकिंग अभियान चलाएं और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त भी करें। उन्होंने विवेचनाओं का समय रहते निस्तारण के निर्देश दिए। वांछित और वांटेड अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने के लिए कहा। इस दौरान डीआईजी अजय साहनी, एसएसपी डा. विपिन ताडा, एसपी देहात सागर जैन, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक सहित सभी सीओ मौजूद रहे।
दमकल विभाग के कार्यक्रम भी शामिल
दमकल विभाग की ओर से एक सप्ताह से चल रहे जागरूकता अभियान का समापन किया गया। इस मौके पर पुलिस लाइन में कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में एडीजी राजीव सभरवाल शामिल हुए। उन्होंने दमकल विभाग कर्मचारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के साथ आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती है। इसलिए अब ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। इस दौरान एसएसपी डा. विपिन ताडा, एसपी देहात सागर जैन, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, सीएफओ प्रताप सिंह, अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार मौजूद रहे।