गागलहेड़ी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा देहरादून मार्ग पर हरोड़ा में अंडरपास बनाने को लेकर अधिग्रहित की गई जमीन पर बने निर्माण को ध्वस्त करा दिया। ग्रामीणों ने समय की मांग करते हुए विरोध जताया, लेकिन भारी पुलिस फोर्स के सामने उनका विरोध बेअसर रहा।
शनिवार सुबह को एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार नितिन कुमार सिंह, एनएचएआई की टीम पीएसी के जवानों के साथ हरोड़ा पहुंची। टीम ने हाईवे किनारे बनी दुकानों, मकानों को जेसीबी की मदद से तोड़कर अधिग्रहण की कार्रवाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कहा कि एक दिन पहले ही मकानों, दुकानों की फोटोग्राफी कराई गई है और आज इन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि सभी मकान-दुकान स्वामियों को कुछ मोहलत देनी चाहिए थी। जिससे की वो खुद दुकानों-मकानों से सामान आदि समय रहते हटा लेते।
ग्रामीणों ने निर्माण ध्वस्त करने का विरोध किया लेकिन भारी पुलिस ओर एनएचएआई के अधिकारियो के सामने ग्रामीणों का विरोध बेअसर रहा। जेसीबी से अधिग्रहण की गई भूमि से मकान-दुकानों को तोड़कर कर खाली करा दिया गया। ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान देहरादून रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।