सहारनपुर। सहारनपुर-मुरादाबाद सेक्शन में रेल लाइन पर काम होने के चलते शुक्रवार को नौचंदी एक्सप्रेस सहारनपुर-मेरठ के बीच रद्द रही। यह ट्रेन मेरठ से ही प्रयागराज के लिए वापस हुई। वहीं, 12 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से सहारनपुर में देरी से पहुंची। जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अलग-अलग रेल मंडलों में ब्लॉक लेकर ट्रैक पर काम किया जा रहा है। 21 मई को सहारनपुर रेलवे यार्ड में साढ़े आठ घंटे का ब्लॉक रहेगा। शुक्रवार को ट्रेन नंबर 14511 प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस मेरठ तक चलाई गई, जबकि मेरठ-सहारनपुर के बीच में रद्द रखा गया। यह ट्रेन 22 मई तक सहारनपुर नहीं आएगी और न ही जाएगी। इनके अलावा गुवाहाटी-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस साढ़े नौ घंटे, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरी एक्सप्रेस पांच घंटे, जम्मूतवी-जैसलमेर शालीमार एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से सहारनपुर में पहुंची।
इनके साथ ही कोलकाता-नंगलडैम गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे, उज्जैन-देहरादून एक्सप्रेस ढाई घंटे, दरभंगा-अमृतसर जन नायक एक्सप्रेस दो घंटे, नई दिल्ली-जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, देहरादून-सहारनपुर, अंबाला-सहारनपुर, चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस और अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से सहारनपुर आई।