सहारनपुर। जनपद स्तरीय इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन शुक्रवार (आज) को होगा। जिले में अब तक 5029 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्तावों पर एमओयू साइन हो चुके हैं। इस निवेश से जनपद के करीब 30 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए फरवरी माह में लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होना है। इससे जनपद को पहले 3500 करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य दिया गया था, अब इसे बढ़ाकर 5250 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उद्योग विभाग के पास अब तक आए करीब छह हजार करोड़ के प्रस्तावों में से 5029 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर मेमोरेंडंम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन हो चुके हैं। इसमें सबसे अधिक निवेश जनपद के प्रसिद्ध काष्ठकला उद्योग के लिए आया है। इसके अलावा निजी औद्योगिक पार्क, शहद, जैव ऊर्जा, होजरी एवं टेक्सटाइल उत्पाद, हर्बल उत्पाद और खाद्य प्रसंस्करण आदि के लिए भी निवेश प्रस्ताव आए हैं। शुक्रवार को जनपद के दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स मीट में निवेशकों को न सिर्फ सम्मानित किया जाएगा बल्कि उन्होंने सरकारी विभागों की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी जाएंगी। उद्योग उपायुक्त सिद्धार्थ यादव ने बताया कि जनपद में अब तक 5029 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू साइन हो चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से करीब 30 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। लखनऊ में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले ही जनपद को दिए गए 5250 करोड़ रुपये निवेश के लक्ष्य के अनुसार एमओयू साइन हो जाएंगे। जनपद में निवेश करने वाले उद्यमियों में खासा उत्साह है।