संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा पर 41 चिकित्सकों की तैनाती होगी। इसके लिए 10 फरवरी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसमें सफल चिकित्सकों को संबंधित स्थानों पर तैनाती दे दी जाएगी। जिसके बाद मरीजों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि सेठ बलदेव दास बाजोरिया जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट का एक, एनेस्थेटिस्ट का एक व बाल रोग विशेषज्ञ का एक और फिजिशियन के तीन पदों पर चिकित्सकों की तैनाती होनी है। जिला महिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ के दो-दो और एनेस्थेटिस्ट के चार पदों पर नियुक्ति होगी। गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक महिला रोग विशेषज्ञ, नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह पर एक चिकित्साधिकारी की तैनाती की जानी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मनिहारान पर एक महिला चिकित्साधिकारी और एक एनेस्थेटिस्ट की तैनाती होगी। फतेहपुर सीएचसी पर एक एनेस्थेटिस्ट की तैनाती होगी। देवबंद सीएचसी पर एक चिकित्साधिकारी और एक एनेस्थेटिस्ट की नियुक्ति होगी। इसी तरह अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर पर 19 चिकित्साधिकारी की नियुक्ति की जानी है।
कुल 41 पदों पर अलग-अलग योग्यता के चिकित्सक रखे जाएंगे। इनके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी में 10 फरवरी को दोपहर 12 बजे से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। सीएमओ ने बताया कि सभी नियुक्ति एक वित्तीय वर्ष तक के लिए मान्य होगी जिसे भारत सरकार से अनुमोदन के बाद आगे बढ़ाया जा सकता है।