छुटमलपुर में अत्तार की दुकान में लगी आग
छुटमलपुर। कस्बे में अत्तार(पंसारी) की तीन मंजिला दुकान में आग लगने से लाखों रुपये की देशी दवाइयां, जड़ी बूटियां और अन्य सामान जल कर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित के अनुसार उसका करीब तीस लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सहारनपुर के दिल्ली रोड शिवाजी नगर स्थित सुंदरपाल अत्तार पुत्र आनंद प्रकाश की छुटमलपुर के सहारनपुर रोड स्थित सिटी काॅम्प्लेक्स में तीन मंजिला दुकान है। पहली मंजिल पर देशी दवाइयों, जड़ा बूटियों, मेवों आदि का खुदरा काम है और ऊपर की दो मंजिलों पर उन्होंने गोदाम बना रखा है। बृहस्पतिवार की रात सवा नौ बजे सुंदरपाल दुकान बंद करके अपने घर सहारनपुर चला गया था। रात किसी वक्त दुकान में आग लग गई। सुबह साढ़े पांच बजे भैंसराऊ निवासी समाचार पत्र का अभिकर्ता सुधीर कुमार अखबार डालने उसकी दुकान पर गया तो शटर से धुंआ निकलते देख आग लगने का पता चला। इसके बाद सुधीर ने सुंदर और ज्योति किरण पुलिस चेकपोस्ट पर बैठे पुलिसकर्मियों को सूचना दी। कुछ देर में ही सुंदर का छुटमलपुर में रहने वाला भतीजा सुमित तथा थानाध्यक्ष टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग लगने का पता चलते ही बदहवास हालत में सुंदर छुटमलपुर पहुंचे। इसके बाद पौने आठ बजे सहारनपुर से दमकल की दो गाडि़यां पहुंचीं। उन्होंने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह पता नहीं चल सकी है। दुकान में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। छत पर लगे सोलर प्लांट से बिजली चलती थी। पीड़ित सुंदरपाल ने बताया कि रात वे इनवर्टर बंद करके गए थे। उन्होंने बताया कि आग से तीस लाख रुपये से ज्यादा की देशी दवाइयां, मेवे, देशी घी आदि सामान जल कर राख हो गया।
छुटमलपुर में अत्तार की दुकान में लगी आग
छुटमलपुर में अत्तार की दुकान में लगी आग