सहारनपुर। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार की सुबह सुबह सड़कों पर कई दिन से पड़ी सिल्ट को उठवाया। हालांकि कुछ जगह से सिल्ट ठीक से नहीं उठाई गई है, लेकिन सिल्ट पड़ी होने से परेशान व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी राहत मिली है। क्योंकि सिल्ट के कारण व्यापार प्रभावित होने के साथ ही दुर्गंध की भी समस्या थी।
चकराता रोड, बेहट अड्डा, न्यू राघवपुरम, मूंगागढ़ क्षेत्र, तोता चौक क्षेत्र के नाले और नालियों से निकाली गई सिल्ट कई दिन से सड़कों पर पड़ी थी। दुकानों के बाहर के साथ ही कॉलेज, सरकारी कार्यालयों और सेल्फी प्वाइंट के पास भी भारी मात्रा में सिल्ट फैली हुई थी। इसकी वजह से लोग परेशान थे। अमर उजाला ने रविवार के संस्करण में इस जन समस्या को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया, जिसके बाद नगर निगम के संबंधित विभाग और अधिकारियों की नींद टूटी। निगम ने सुबह सुबह गाड़ियां भेजकर सिल्ट को उठवाया। हालांकि कुछ जगह से सिल्ट ठीक से नहीं उठाई गई। उधर, रात में हुई झमाझम बारिश में भी कुछ सिल्ट बहकर नाले में चली गई। बहरहाल, नगर निगम के इस कदम से लोगों को राहत मिली है।