सहारनपुर। बेटियों के भविष्य को सुखमय बनाने के लिए परिजन सुकन्या समृद्धि योजना में खूब निवेश कर रहे हैं। जनपद में विभिन्न बचत योजनाओं में सर्वाधिक निवेश इसी योजना में हुआ है। इस योजना में जिले में गत वित्तीय वर्ष में 564077499 रुपये का निवेश हुआ है।
जनपदवासी विभिन्न योजनाओं में बढि़या निवेश कर रहे हैं। जिले में बचत के हिसाब से दूसरे स्थान पर 15 वर्षीय पीपीएफ है। इसमें 256253845 रुपये का निवेश हुआ है। गत वित्तीय वर्ष में जिले में विभिन्न बचत योजनाओं में 366.27 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि वार्षिक लक्ष्य 289.67 करोड़ रुपये का था। निवेश लक्ष्य का 126.44 प्रतिशत हुआ है। लोगों को बचत के प्रेरित करने के लिए डाकघर ने विभिन्न बचत योजनाएं शुरू कर रखी हैं।
इनमें सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र, पांच वर्षीय आरडी, पांच वर्षीय एनएससी, पांच वर्षीय एमआईएस, 15 वर्षीय पीपीएफ, महिला सम्मान योजना, राष्ट्रीय बचत योजना आदि योजनाएं शामिल हैं। इन बचत योजनाओं पर निवेशक को अलग-अलग ब्याज दर दी जाती हैं। जनपद में सबसे अधिक निवेश सुकन्या समृद्धि योजना में हुआ है। इसमें एक वर्ष में अधिकतम 1.50 लाख रुपये जमा कराए जा सकते हैं। इसमें निवेशकों को ब्याज दर 8.20 वार्षिक है। 15 वर्षीय पब्लिक प्रोवीडेंट फंड (पीपीएफ) में निवेश करने पर ब्याज की दर 7.10 फीसदी वार्षिक है। इसमें पांच वर्ष बाद स्वास्थ्य के आधार पर पैसा निकाला जा सकता है।
-
वर्जन
जनपद में गत वित्तीय वर्ष में विभिन्न बचत योजनाओं में 366.27 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इसमें सर्वाधिक निवेश सुकन्या समृद्धि योजना में हुआ है। निवेश में दूसरे स्थान पर 15 वर्षीय पीपीएफ योजना है।
- गुलफाम अहमद, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, बचत कार्यालय