-स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ अगस्त से चल रही अग्निवीर भर्ती रैली का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 14 दिनों से चल रही अग्निवीर भर्ती रैली का समापन हो गया। 13 जिलों के 11,500 से अधिक युवाओं ने 1.6 किलोमीटर दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण में भाग लिया।
सेना भर्ती कार्यालय मेरठ की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली आठ अगस्त से शुरू हुई थी। सेना के अधिकारियों के अनुसार इसमें अग्निवीर जीडी, अग्निवीर क्लर्क, टेक्निकल और ट्रेडर्समैन (8वीं और 10वीं) के लिए पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ से उम्मीदवारों को बुलाया गया था।
बीते 14 दिनों तक चलने वाली भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। जोश, जज्बे और देशभक्ति के साथ युवाओं ने ट्रैक पर दौड़ लगाई। सेना के अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल तक लिखित परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का आखिरी चरण हुआ करती थी। हालांकि, इस भर्ती वर्ष से प्रारंभिक चरण के रूप में ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को भर्ती के अगले चरण के लिए प्रवेश पत्र के माध्यम से बुलाया गया था।
भर्ती के दौरान मुख्यालय भर्ती क्षेत्र के वरिष्ठ सेना अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की। जिलाधिकारी डॉ़ दिनेश चंद्र के नेतृत्व में प्रशासन और नागरिकों को सेना को पूरा सहयोग मिला।