सहारनपुर। मरीज को अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले, इसको लेकर सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा रही है। एसबीडी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन करा चुके मरीजों से पूछा जा रहा है कि उन्हें परेशानी या कोई फीस तो नहीं ली गई।
एसबीडी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीन 2018 में लगाई गई थी। उसके बाद से सीटी स्कैन की सुविधा निशुल्क है। मरीजों को सिर्फ एक रुपये की पर्ची बनवानी पड़ेगी। अगर मरीज को सीटी स्कैन कराना है तो उसके लिए उन्हें चिकित्सक से लिखवाना पड़ेगा। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी हो रही है।
करीब दो महीने पहले नवीन नगर निवासी नमनदीप ने जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराया था। उनके पास सात अगस्त को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से फोन आया और पूछा गया कि सीटी स्कैन सेवा देेेने की एवज में कोई वसूली या परेशानी तो नहीं आई है। स्टाफ का कैसा व्यवहार रहा। जिस पर मरीज ने सीटी स्कैन की सेवा को बेहतर बताया। सेवा प्रदाता कंपनी की ओर से भी इसकी निगरानी पहले से ही की जाती है।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए फोन आते रहते हैं।
- डॉ. बृजेश राठौर, प्रभारी प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल