मिर्जापुर (सहारनपुर)। तीन दिन से लापता किशोर का शव हरियाणा की यमुना नदी से मिला है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव छज्जा निवासी सुमित (17) पुत्र सुजान सिंह 13 सितंबर को घर से बाइक पर निकला था। वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दी थी। तलाश के दौरान सुमित की बाइक यमुना नदी के किनारे लांडा पुल के पास खड़ी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी यमुना नदी में तलाश कराई। शुक्रवार को सुमित का शव छज्जा घाट पर पानी के ऊपर आ गया। गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद पुलिस पुन: मृतक के घर पहुंची और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए ले गई।