नकुड़। दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी की कनपटी पर तमंचा रख उससे चौबीस हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास छानबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। एसपी देहात ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित कर्मचारी से पूछताछ की तथा जल्द घटना के खुलासे का आश्वासन दिया।
कोतवाली के नजदीक अघ्याना तिराहे पर स्थित काॅलोनी में वीर राजेश भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी सतीश ने बताया कि वह दूसरे कर्मचारी सुरेंद्र के साथ खाली सिलिंडर को वाहन में रखवा रहा था कि तभी दोपहर करीब सवा दो बजे बाइक पर दो युवक आए और उनमें से एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर रख दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए 21 सिलिंडरों के करीब चौबीस हजार रुपये लूटकर वापस अघ्याना तिराहे की तरफ भाग गए। उसने तुरंत इसकी सूचना एजेंसी मैनेजर सुशील कुमार को दी। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आसपास छानबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी देहात सागर जैन ने पीड़ित कर्मचारी से पूछताछ की। एसपी देहात ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।