बेहट। वन व पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक ने शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी रेंज से पौधरोपण अभियान की शुरुआत करने के बाद बेहट में आयोजित राहत चौपाल में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री का वितरण किया।
शाकंभरी रेंज परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलित रखते है। पौधरोपण करने के साथ ही उनकी देखभाल करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। सरकार पर्यावरण को लेकर काफी गंभीर है। सरकार ने इस बार पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से जन्मदिवस व किसी भी शुभ अवसर पर पौधरोपण करने की अपील की। इसके बाद राज्यमंत्री बेहट के जनता इंटर कॉलेज में आयोजित राहत चौपाल एवं राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ एवं बारिश से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से कहा कि वें खुद को अकेला न समझें। सरकार उनके साथ है। बाढ़ से प्रभावित हुए प्रत्येक परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने 250 पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री व दस किसानों को बीज की किट वितरित की। इसके बाद उनके द्वारा कार्यक्रम स्थल पर शिक्षा विभाग द्वारा पर्यावरण जागरूकता के लिए लगाई गई प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पशुपालन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेशचंद्र, सीडीओ विजय कुमार, एडीएम ई रजनीश मिश्र, एडीएम एफ अर्चना द्विवेदी, एसडीएम दीपक कुमार, तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार अनिल कुमार व संजय सिंह, डीएफओ शिवालिक श्वेता सेन, डीएफओ सामाजिक वानिकी गौतम राय के अलावा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, डीसीडीएफ चेयरमैन सोनेंद्र राणा, ब्लॉक प्रमुख विश्वास चौधरी, पूर्व चेयरमैन शाह महमूद हसन, मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, अभय राणा, अनिल सिंघल, संजीव कर्णवाल उर्फ बॉबी रहे।