मिर्जापुर। खेत में बकरियां चराने गई नौ साल की बच्ची को अधेड़ ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस ने बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
थाना मिर्जापुर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बच्ची बुधवार की दोपहर गांव के पास स्थित जंगल में बकरियां चराने के लिए गई थी। इसी दौरान उसे गांव के ही निवासी राशिद (45) पुत्र शकील ने पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। बच्ची ने घर पहुंचने पर अपने साथ घटी घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन बच्ची को लेकर मिर्जापुर थाने पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार की सुबह रायपुर नदी के पुल के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।