सहारनपुर। 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को बूस्टर डोज के लिए सात अगस्त को मेगा कैंप लगाया जाएगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। यह मेगा कैंप सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और हेल्थ वेलनेस सेंटर लगेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार अमृत महोत्सव के रूप में कोविड की एहतियाती खुराक को बढ़ावा दे रही है। इसी उद्देश्य से 15 जुलाई से 30 सितंबर 75 दिवस तक 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को द्वितीय डोज के छह माह बाद निशुल्क बूस्टर डोज प्रदान की जा रही है। बूस्टर डोज से आच्छादित किए जाने एवं टीकाकरण की गति को बढ़ाने के लिए सात अगस्त को जनपदों में मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रति ब्लाक से चिह्नित हेल्थ वेलनेस सेंटर पर सत्र लगेंगे। बूस्टर डोज मेगा कैंप का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा कराया जाएगा। मेगा कैंप में जनप्रतिनिधियों को भी बूस्टर डोज लगाई जाएगी, जिनको नहीं लगी हैं।