सहारनपुर। नगर निगम की कान्हा उपवन गोशाला में भी लम्पी स्किन बीमारी फैली है। गोशाला में करीब 40 गोवंश पशु इससे जूझ रहे हैं। शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर गोवंश की पूजा करने पहुंचे महापौर संजीव वालिया को पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने यह जानकारी दी।
डॉ. मिश्रा ने महापौर को बताया कि त्वचा रोग से ग्रसित गोवंश का उपचार पशु पालन विभाग द्वारा किया जा रहा है। पीड़ित गोवंश को स्वस्थ गोवंश से अलग रखा गया है, जिससे की बीमारी अन्य पशुओं में न फैले। बीमारी को फैलने से रोकने के लिए गोशाला में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह भी बताया कि अन्य राज्यों में गोवंश को लगाई जा रही वैक्सीन को लेकर विचार चल रहा है। यह वैक्सीन अन्य राज्यों से ही मंगवानी होगी। उन्होंने बताया कि बरेली स्थित इंडियन वेटरनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट से विशेषज्ञों की टीम शाम तक पहुंच जाएगी, जो शनिवार से गोशाला का निरीक्षण और पीड़ित गायों व बछड़ों का परीक्षण आदि करेगी। इससे पहले महापौर संजीव वालिया ने गोशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गोवंश की पूजा की। उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया और उनकी पूजा की। इस दौरान पार्षद मोहर सिंह, पार्षद कलम सिंह तथा नगर निगम के कर्मचारी भी मौजूद रहे।