सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल आईपीएल 2023 में सबसे महंगे बिकने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा है। इससे सहारनपुर के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। बता दें कि मयंक मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं। उनके दादा के भाई का परिवार यहीं रहता है। आईपीएल 2022 में वह किंग्स इलेविन पंजाब के कप्तान थे।
मयंक अग्रवाल सबसे पहले वर्ष 2019 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बने थे। उन्हें विजय शंकर की जगह टीम में जगह दी गई थी। इसके बाद से वह कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज खेल चुके हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मयंक के क्रिकेट करियर की बात करें तो वह कर्नाटक के लिए कई बार रणजी ट्रॉफी मैच खेल चुके हैं। इसके अलावा आईपीएल में वह रॉयल चैलेंजर टीम का हिस्सा रहे हैं। कई बार क्रिस गेल के साथ आईपीएल मैचों में पारी की शुरूआत की। मयंक के पिता अनुराग अग्रवाल भी अंतर विश्वविद्यालय स्तर तक क्रिकेट खेल चुके हैं।
मयंक के सहारनपुर से जुड़ाव की बात करें तो मयंक अग्रवाल के दादा रविंद्र अग्रवाल 1996 तक सहारनपुर में रहकर कारोबार करते थे। बाद में वह बेंगलुरु शिफ्ट हो गए। उनके भाई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य सहारनपुर ही में रह गए, जो इंडियन हर्ब्स नाम से उद्योग चलाते हैं और आवास विकास में रहते हैं। जब तक मयंक के दादा के भाई सुशील अग्रवाल जब तक जीवित रहे, तब तक मयंक लगातार सहारनपुर आते रहे। वह अपनी पत्नी के साथ भी कई बार सहारनपुर आ चुके हैं, लेकिन सुशील अग्रवाल के निधन के बाद से उनका सहारनपुर आना बेहद कम हो गया है।
बीसीसीआई से जुड़े रहे सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक मोहम्मद अकरम सैफी ने मयंक के सबसे महंगा खिलाड़ी बनने पर खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि मयंक बेहतरीन बल्लेबाज हैं। पूर्व रणजी खिलाड़ी संजीव जखमोला ने मयंक को लेकर खुुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह सहारनपुर वासियों के लिए गर्व की बात है।