छुटमलपुर। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव शेखुपुर मुजाहिदपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले दफनाने की तैयारी में जुटे थे कि मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना कर दी। सीओ सदर रुचि गुप्ता फाेरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
हरिद्वार के भगवानपुर थाने के गांव कालसो निवासी रुबिना 26 पुत्री जुल्फान का निकाह पांच साल पहले गांव शेखुपुर मुजाहिदपुर निवासी जुनैद के साथ हुआ था। बुधवार को रुबिना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों ने करंट से मौत बताते हुए दफनाने की तैयारी कर ली थी। इसी दौरान पहुंचे मायकेवालों ने सिर में चोट के निशान देख कर पुलिस को सूचना दे दी।
सीओ सदर रुचि गुप्ता, एसओ फतेहपुर धर्मेंद्र कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की जांच-पड़ताल के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरा। बताया जाता है कि रुबिना और जुल्फान के बीच विवाद चल रहा था। वह अपने मायके से छह दिन पहले ही समझौते के बाद ससुराल आई थी। दंपती के दो बच्चे तीन साल की बेटी इंशा तथा दो साल का बेटा जियाद है।
उधर, एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि मृतका के सिर में चोट के निशान पाए गए हैं, लेकिन वह गंभीर नहीं है जिससे मौत हो सके। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट से ही मौत की वजह पता चल सकेगी।