रामपुर मनिहारान। दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर रामपुर मनिहारान के रेलवे फाटक पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज के रुके पड़े निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए प्रशासन ने देर शाम मकान व दुकान स्वामियों से वार्ता की। इस दौरान भवन स्वामियों की मांग पर फिर से हाईवे पर निशानदेही की गई।
शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, एसडीएम श्वेता पाण्डेय, तहसीलदार जसमेन्द्र सिंह व एनएचएआई की टीम ने देर शाम दिल्ली यमुनोत्री हाईवे की जद में आ रहे भवन स्वामी अनिल अग्रवाल, नीरज, कीरत सिंह, अनुज व भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ .जगपाल सिंह के साथ वार्ता की। इस दौरान प्रशासन ने भवन स्वामियों से सहयोग की मांग की। भवन स्वामियों की मांग पर प्रशासन ने एक बार फिर हाईवे की जद में आ रहे मकानों की पैमाइश कराते हुए निशानदेही शुरू कराई। देर शाम तक प्रशासन की टीम मौके पर निशानदेही कराने में जुटी थी। उधर, एसडीएम श्वेता पांडेय ने बताया कि निशानदेही पूरी होने के बाद ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य शुरु करा दिया जाएगा।