सहारनपुर। नागल रेलवे स्टेशन पर पैनल के खराब होने से कई ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस टपरी में करीब 50 मिनट खड़ी रही, जबकि उत्कल एक्सप्रेस और एक पैसेंजर 20-20 मिनट की देरी से पटरी पर दौड़ीं। पैनल को सही करने में करीब पौने दो घंटे लगे।
शुक्रवार को नागल में शाम करीब 6:20 बजे तकनीकी खराबी के चलते पैनल खराब हो गया। इसके बाद ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया। गाड़ी संख्या 12172 हरिद्वार-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम सात बजे टपरी पहुंच गई थी। लेकिन पैनल के खराब होने से यह ट्रेन को टपरी में करीब 50 मिनट तक खड़े किए रखा। टपरी से इस ट्रेन को 7:50 बजे रवाना किया गया। इसी तरह उत्कल एक्सप्रेस और सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर अपने निर्धारित समय से 20-20 मिनट की देरी से चली। ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाने से रेल यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, नागल स्टेशन मास्टर मोंटू यादव ने बताया कि शाम करीब सवा छह बजे पैनल खराब हो गया था, जिसकी वजह से कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
स्टेशन अधीक्षक सहित चार अधिकारी पीसीओएम अवार्ड से सम्मानित
सहारनपुर। ट्रेनों के बेहतर परिचालन और सराहनीय कार्य करने पर सहारनपुर रेलवे के स्टेशन अधीक्षक सहित चार अधिकारी पीसीओएम अवार्ड से सम्मानित हुए हैं। अधिकारी अवार्ड पाकर काफी खुश हैं।
शुक्रवार को नई दिल्ली के नेशनल रेल म्यूजियम में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें तमाम रेलवे अधिकारियों को उनके बेहतर कार्य करने पर सम्मानित किया गया। सहारनपुर से स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार त्यागी, डिप्टी स्टेशन अधीक्षक आरएस राणा, गुड्स ट्रेन मैनेजर अमीर आलम और चीफ ट्रेन क्लर्क अमित सक्सेना को पीसीओएम (प्रिंसिपल चीफ ऑपरेटिंग मैनेजर) से सम्मानित हुए हैं। उनके कार्यों की समारोह में प्रशंसा की गई। प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मनोज कृष्ण अखोरी द्वारा यह सम्मान दिया गया।