सहारनपुर। नगर निगम के वार्ड 18 की रामविहार, नंदपुरी और प्रकाश लोक कॉलोनी विकास से कोसों दूर हैं। नगर निगम अधिकारियों की अनदेखी के कारण कई परिवार कॉलोनी से पलायन कर गए हैं। बदहाली के कारण वह अपने सपनों के घर छोड़कर पास की कॉलोनियों में किराए के कमरों में रहने को मजबूर हैं। अमर उजाला की टीम ने सोमवार को कॉलोनी की स्थिति का जायजा लेने के लिए वहां की पड़ताल की। सड़कों पर जलभराव और घास उगी मिली। पानी की निकासी नहीं होने की वजह से पानी मार्ग पर आकर लोगों के घरों में घुस गया है। घरों में चार से पांच फीट तक पानी रहने के कारण कई परिवार पलायन कर चुके हैं। पथ प्रकाश के लिए एक लाइट लगी मिली वह भी खराब। पेश है रिपोर्ट...
केवल नाम के मड पंप
कॉलोनी में हुए भारी जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम ने कई साल से मड पंप लगाए हुए है। कितने साल से मड पंप लगे हैं इसका उदाहरण कॉलोनी में जंग लगा खड़ा इंजन है, जो खराब हो चुका है। उसकी जगह नया मड पंप लगाया गया है। इसके अलावा एक विद्युत मड पंप स्थापित किया गया है, जिसमें कनेक्शन नहीं हुआ है। प्रत्येक दिन 10 से 20 लीटर डीजल पानी निकालने के लिए खर्च किया जा रहा है। ऐसा कई साल से चल रहा है। यानी निगम डीजल, इंजन और लेबर पर खर्च कर रहा है, लेकिन सड़क नहीं बना रहा। खास यह है कि मड पंप लगने के बावजूद जलभराव से राहत नहीं मिल रही है।
स्थानीय लोगों की पीड़ा
65 वर्षीय अंगूरी का कहना है कि उसने करीब 14 साल पहले रामविहार में प्लाॅट खरीदकर मकान बनाया था। मकान बनाकर वह बेहद खुश थी, लेकिन नगर निगम की अनदेखी के कारण कॉलोनी का पानी रास्तों से होते हुए उसके मकान में भरने लगा। वह कॉलोनी छोड़कर पड़ोस में किराए पर रह रही हैं।
कृष्णा देवी ने आरोप लगाया कि नगर निगम पहले से विकसित कॉलोनियों में पैसा खर्च कर रहा है, लेकिन उनकी कॉलोनी में 15 साल से सड़क तक नहीं बनी है। आठ से दस मकान ऐसे हैं, जिनमें चार से पांच फीट तक पानी भरा है और लोग पलायन कर गए हैं।
कुसुम ने बताया कि छह साल पहले वह कॉलोनी में आई थी। पहले समस्या कम थी, लेकिन अब समस्या लगातार बढ़ रही है। नाला इतना ऊंचा बना दिया गया है, जिसमें पानी जाने की बजह कच्चे मार्ग पर भरा है। लोगों का निकलना तक मुश्किल है।
नंदपुरी कॉलोनी निवासी राकेश ने बताया कि उनकी कॉलोनी में पानी की निकासी की बड़ी समस्या है। जो नालियां बनाई गई थी उनकी गुणवत्ता खराब थी और वह क्षमता के अनुरूप नहीं थी। नालियां टूट गई हैं और पानी घरों में घुस रहा है, जिसकी वजह से लोग परेशान हैं।
लक्ष्मीचंद ने बताया कि पूरे क्षेत्र में जलभराव बड़ी समस्या है। सड़कें और नालियां नहीं होने के कारण कभी सफाई भी नहीं होती है। लोगों को खुद ही सफाई रखनी पड़ती है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों पर जनहितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
रामविहार सहित आसपास की कॉलोनियों में काम चल रहे हैं। निकासी की बड़ी समस्या को दूर करने के लिए नाले बनवाए जा रहे हैं। जल्द ही सड़कों के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर सड़क बनवाई जाएगी। जिसके बाद हमें लगता है बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।
- राजेश यादव, अपर नगर आयुक्त।