सहारनपुर। सीबीएसई 10वीं संयुक्त रूप से टॉपर रही मनस्वी का सपना इंजीनियर बन कर देश की सेवा करना है। एथेनिया हाईस्कूल की छात्रा मनस्वी मेहंदीरत्ता ने 99.6 फीसदी अंक प्राप्त किए। वह संयुक्त रूप से जिले की टॉपर बनने के साथ देहरादून परिक्षेत्र की टॉपर्स की सूची में भी दूसरे स्थान पर रही है। दिल्ली रोड स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी मनस्वी का कहना है कि यदि लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम किया जाए तो निश्चित ही सफलता हासिल होती है। उसके गणित, अंग्रेजी, संस्कृत और विज्ञान में 100-100 नंबर आए हैं, जबकि एसएसटी में 98 अंक मिले। उन्होंने छह से सात घंटे की पढ़ाई की। उसका कहना है कि वह सोशल मीडिया से दूर है। उसकी सफलता में उनके परिजनों का भी सहयोग रहा। उनके पिता डॉ. विक्रांत है, जो दंत रोग विशेषज्ञ हैं। उनकी माता मानसी मेहंदीरत्ता स्वास्थ्य अधिकारी हैं। बेटी की कामयाबी से परिजन गौरवान्वित है।
सपनों को साकार करना चाहते हैं अनुग्रह बागला
10वीं के टॉपर 99.6 फीसदी अंक अर्जित करने वाले अनुग्रह बागला इंजीनियर बनना चाहते हैं। जीपीओ रोड निवासी अनुग्रह के पिता अमित बागला रेलवे रोड पर मशीनरी की दुकान चलाते हैं, जबकि माता शिल्पी बागला पाइनवुड स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। अनुग्रह बताते हैं कि अब उनकी तैयारी बाहर जाने की है। इंजीनियर बनकर अपने सपनों को साकार करना है।
अब आईआईटी-जेईई की तैयारी होगी
देवांश गुप्ता ने 99.6 फीसदी अंक अर्जित किए हैं। देवांश के पिता मनीष गुप्ता पेशे से बिजनेसमैन हैं। उनकी माता श्वेता गुप्ता घर को संभालती है। उनका छोटा भाई आयुष गुप्ता दसवीं कक्षा में आए हैं। देवांश का कहना है कि 10वीं के पास अब आईआईटी-जेईई की तैयारी होगी। उसके बाद इंजीनियर बनने का सपना है।
आईएएस बनकर देश सेवा करना
10वीं में दूसरे नंबर पर रहने वाले अनिरुद्ध सिंघल अंबाला रोड पर रहते हैं। अनिरुद्ध ने बताया कि उनके पिता दीपेंद्र पाल सिंघल बिजनेस करते हैं। अब कॉमर्स में एडमिशन लिया जाएगा। उनका सपना आईएएस बनने का है। उन्होंने बताया कि दसवीं में पास होने के लिए चार से पांच घंटे की पढ़ाई की, लेकिन इस दौरान वह टीवी से दूर रहे। पढ़ाई में परिवार के सभी सदस्यों का साथ मिला। उन्हें दसवीं में 99.2 फीसदी अंक मिले हैं।
पिता की तरह बनना है बिजनेसमैन
10वीं में 99 फीसदी अंक लेकर लेकर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले आदित्य बागला पिता की तरह बिजनेसमैन बनना है। जीपीओ रोड निवासी आदित्य का कहना है कि उनके पिता अंकुर बागला पेशे से बिजनेसमैन हैं। जबकि उनकी माता पारुल बागला भी बिजनेस करती हैं। बिजनेसमैन बनने के लिए मैनेजमेंट की तैयारी शुरू की जाएगी। उनका कोई बहन-भाई नहीं है।
आईएएस बनना चाहती है मिशा कपूर
तीसरे स्थान पर रही मिशा कपूर का कहना है कि उनका सपना आईएएस बनने का है। पिता सचिन कपूर एमआर हैं, जबकि माता अर्चना कपूर आशा मॉडर्न स्कूल में टीचर हैं। हकीकत नगर निवासी मिशा कपूर का कहना है कि 10वीं की परीक्षा के दौरान परिवार का सहयोग मिला। पांच से छह घंटे की पढ़ाई कर परीक्षा में सफलता पाई।
अनुग्रह बागला एथेनिया हाईस्कूल, 10वीं, अंक-498- फोटो : SAHARANPUR
देवांश गुप्ता एथेनिया हाईस्कूल, 10वीं, अंक-498- फोटो : SAHARANPUR