बड़गांव (सहारनपुर)। कसबे में चेकिंग कर रही पुलिस की पीठ के पीछे ही बेखौफ बाइक सवार बदमाश मंदिर गए सीमेंट व्यापारी का हजारों रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
कसबा निवासी सीमेंट व्यापारी रामपाल चौहान मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। वह महाराणा प्रताप चौक पर स्थित शिव मंदिर में माथा टेकने चले गए। जैसे ही लौटे तो मंदिर गेट पर हेलमेट लगाए बाइक सवार दो बदमाश व्यापारी से बैग में रखे करीब 90 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। दिलचस्प बात यह है कि घटना के वक्त पुलिस दस कदम की दूरी पर चेकिंग कर वाहन चालकों के चालान काट रही थी। सूचना मिलते पर पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन तब तक बदमाश दूर निकल चुके थे। पीड़ित व्यापारी ने घटना की थाने पर तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। संवाद