बदमाशों के हमले में घायल हुआ खिलौना व्यापारी सलमान
देवबंद। हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने देवबंद-गंगोह बाईपास पर स्थित नौ गजा पीर के पास खिलौना व्यापारी को तमंचे से आतंकित कर हजारों रुपये की नकदी लूट ली। इतना ही नहीं विरोध करने पर व्यापारी को तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला बेरुन कोटला निवासी सलमान खिलौना व्यापारी है। जिसने नौ गजा पीर के पास गोदाम बनाया हुआ है। बृहस्पतिवार की रात्रि सलमान गोदाम पर बैठा हुआ था। इसी बीच हथियारों से लैस तीन बदमाश गोदाम में घुस गए तथा सलमान की कनपटी पर तमंचा सटाकर उससे 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सलमान के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया, जिसमें वह घायल हो गया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इंस्पेक्टर ह्रदय नारायण सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी।