-152 स्कूली वाहन चलने लायक नहीं, 52 किए जा चुके हैं निलंबित
-परिवहन विभाग में 1025 स्कूली वाहन पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले के विभिन्न स्कूलों के वाहन बिना फिटनेस ही सड़कों पर बेखौफ चल रहे हैं। ऐसे वाहन मालिक एक तरफ छात्र-छात्राओं की जिंदगी के साथ तो खिलवाड़ कर ही रहें हैं। साथ ही विभाग के राजस्व को भी नुकसान पहुंचा रहे। संभागीय परिवहन विभाग ने बिना फिटनेस वाले 203 स्कूली वाहनों को चिन्हित किया है।
संभागीय परिवहन विभाग से 1025 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। जिले में निजी स्कूल प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं को स्कूल लाने व भेजने के लिए काफी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों को लगा रखा है। प्रति माह की फीस में किराया भी शामिल किया है। कुछ वाहन मालिक निजी तौर पर अपने वाहनों को संचालित कर विद्यार्थियों को लाने और ले जाने का कार्य कर रहें है।
203 ऐसे स्कूली वाहन हैं, जो मानकों के विपरीत सड़कों पर फर्राटा भरकर छात्र-छात्राओं की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। इन्हें विभाग की तरफ से नोटिस जारी किए गए हैं। विभिन्न विद्यालयों के 152 वाहन तो सड़कों पर चलने लायक भी नहीं है। इसके बाद भी वह दौड़ रहे। 52 वाहनों को निलंबित किया जा चुका है। यह हाल तब है जब परिवहन अधिकारी वाहनों को दुरुस्त कर मानकों के हिसाब से संचालित करने की हिदायत देता रहता है। लेकिन वाहन मालिक अधिक पैसा कमाने के चक्कर में बच्चों की जान की भी परवाह नहीं कर रहें हैं।
वर्जन
जिले में 203 स्कूल वाहन चिन्हित किए गए हैं, जिनका फिटनेस समाप्त हो गया है। सभी वाहन मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान अगर ऐसे वाहन संचालित होते पाए गए, तो संबंधित वाहन पर प्रवर्तन कार्रवाई होगी।
एमपी सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन