ग्राम बोंसा में ड्रोन से तेंदुए की तलाश कराते ग्राम प्रधान। श्रोत ग्राम प्रधान
सरसावा (सहारनपुर)। क्षेत्र के ग्राम बोंसा में तेंदुए की तलाश में लगी वन विभाग की टीम तथा ग्रामीणों को 36 घंटे बाद भी कोई सफलता नहीं मिली है। हालांकि खेतों में काम कर रहे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने रात के समय तेंदुए को शावक के साथ घूमते देखा है। माना जा रहा है कि एक माह पहले क्षेत्र के ग्राम भिक्खनपुर में देखा गया तेंदुआ अभी इलाके में ही विचरण कर रहा है। हालांकि भीक्खनपुर में वन विभाग ने फिशिंग केट होने का दावा किया था।
तेंदुए की खोज के लिए ग्राम प्रधान शिवम ने ड्रोन कैमरा मंगा कर चार घंटे तक गन्ने की घनी फसल के बीच सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शिवम ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने तेंदुए को शावक के साथ घूमते देखा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत कम नहीं हो रही है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों को साथ लेकर तेंदुए की खोज के लिए आसपास घूम तो रही है परंतु किसी की भी हिम्मत गन्ने के खेतों के भीतर जाने की नहीं हो रही है। प्रधान शिवम, सुमित, मनीष, कटार सिंह, केहर सिंह आदि का कहना है कि ग्रामीण खेतों में जाने से डर रहे हैं। ऐसे में इसका पकड़ा जाना जरूरी है।