सहारनपुर। महानगर से गुजरने वाले कांवड़ियों का कारवां बढ़ने लगा है। कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने से यातायात पुलिस ने दूसरे चरण का रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। अब कांवड़ मार्ग पर यातायात वाहन नहीं चलेंगे। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। कांवड़ मार्ग के आसपास की कॉलोनियों में बल्लियां लगा दी हैं।
सहारनपुर के रास्ते हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी यूपी के कई जिलों के कांवड़िये जल लेने हरिद्वार व ऋषिकेश जाते हैं। इसी रास्ते कांवड़िये लौटते हैं। जिले में हरियाणा से सटे सरसावा क्षेत्र के शाहजहांपुर से गागलहेड़ी क्षेत्र की काली नदी पुलिस चौकी तक कांवड़ मार्ग पड़ता है। कांवड़ियों का रैला सहारनपुर से गुजरने लगा है। ऐसे में यातायात पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर जनकनगर, रामनगर-पठानपुरा, गोविंद नगर में जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। इसी तरह कोर्ट रोड पुल, जीपीओ रोड पर भी ट्रैफिक डिवाइडर रस्सी से बांध दिए गए, ताकि वाहन चालक सड़क पार न कर सकें। सोफिया मार्केट वाला रास्ता भी एक तरफ से बंद कर दिया है। कोर्ट रोड पुल से पहले रेलवे स्टेशन जाना पड़ेगा। वहां से वापस होंगे। लोगों को गंतव्य तक लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। इसलिए जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर जाएं। क्योंकि एक से दूसरी तरफ जाने के लिए केवल तीन मार्ग ही खोले गए हैं, जिनमें घंटाघर, आंबेडकर चौक और दर्पण तिराहा है।
-
शहर में केवल आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन
एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि कांवड़ मार्ग को छोड़कर शहर में आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन होता रहेगा। यह वाहन केवल आंबेडकर चौक से ही कांवड़ मार्ग को क्रॉस करेंगे। मंडी समिति जाने वाले फल-सब्जी के वाहन बाईपास से होकर सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक, चिलकाना होते हुए मंडी तक निर्बाध रूप से संचालित होंगे।
सुरक्षा में तैनात किए बीएसएफ के जवान
कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के मद्देनजर बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। इनके अलावा तीन कंपनी पीएसी, 1040 पुलिस कर्मी की ड्यूटी लगी है। तीन अपर पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 55 निरीक्षक, 230 उप निरीक्षक भी कांवड़ यात्रा में ड्यूटी कर रहे हैं। काली नदी से गागलहेड़ी, अंबाला रोड होते हुए सरसावा कट शाहजहांपुर तक की जिम्मेदारी एसपी सिटी पर है।