मल्हीपुर रोड स्थित खुशहाली किसान सेवा केंद्र चोरो द्वारा शटर काटकर लाखो चोरी
- फोटो : SAHARANPUR
कीटनाशक की दुकान से लाखों की चोरी
सहारनपुर। मल्हीपुर रोड पर चोर कीटनाशक रसायन की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब सात लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौका-मुआयना किया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी गई।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के गांव जंधेड़ी निवासी अमरनाथ खटाना की मल्हीपुर रोड पर कीटनाशक रसायन की दुकान है। अमरनाथ बुधवार की शाम अपनी दुकान बंद करके चले गए। बृहस्पतिवार की सुबह उन्हें पता चला कि दुकान के शटर को चोरों ने गैस कटर से काट रखा है। पता लगने पर दुकानदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का शटर खोलकर देखा तो अंदर रखी महंगे कीटनाशक की बड़ी संख्या में शीशियां गायब मिली। चोर करीब सात लाख रुपये कीमत का कीटनाशक रसायन चोरी कर ले गए। सूचना पर कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने चोरों की शिनाख्त के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखी, लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द चोरों को पकड़कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
मल्हीपुर रोड स्थित खुशहाली किसान सेवा केंद्र चोरो द्वारा शटर काटकर लाखो चोरी खाली पड़ी दुकान- फोटो : SAHARANPUR